एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
उपमंडल रामपुर की तहसील ननखड़ी के ग्राम देलठ में आंगनवाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय और बस स्टैंड के समीप शराब का ठेका खोले जाने को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। इस मुद्दे पर महिला मंडल, युवाओं और ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्रशासन के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
स्थानीय प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त आबकारी आयुक्त, रामपुर से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा और ठेके को तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल में महिला मंडल की अध्यक्ष रक्षा देवी और पूर्व बीडीसी सदस्य हिमा देवी सहित कई ग्रामीण शामिल रहे।
महिला मंडल प्रधान रक्षा देवी और पूर्व बीडीसी सदस्य हिमा देवी, विरेंद्र शर्मा व माया राम शर्मा की पदाधिकारियों का कहना है कि जिस स्थान पर शराब का ठेका खोला गया है, वह बच्चों और आम जनता के लिए संवेदनशील क्षेत्र है। आंगनवाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय और बस स्टैंड के बेहद नजदीक ठेका होना नियमों के विपरीत है और इससे सामाजिक माहौल प्रभावित हो सकता है। महिलाओं ने चिंता जताई कि ऐसे स्थान पर शराब की बिक्री से बच्चों और किशोरों पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। साथ ही बस स्टैंड पर महिलाओं और यात्रियों की अधिक आवाजाही के कारण असुरक्षा का माहौल बन सकता है। शराब के नशे में होने वाले विवाद, अभद्र व्यवहार और झगड़ों की आशंका से भी लोगों में भय है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि राज्य के प्रचलित नियमों के तहत शैक्षणिक संस्थानों के आसपास निर्धारित दूरी के भीतर शराब की बिक्री प्रतिबंधित है। ग्रामीणों का दावा है कि यह ठेका तय सीमा के अंदर आता है, जिससे नियमों का उल्लंघन स्पष्ट होता है।
इस पर अतिरिक्त आबकारी आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही मौके का निरीक्षण किया जाएगा। यदि जांच में ठेका नियमों के विरुद्ध पाया गया, तो आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे वहां से हटाया जाएगा।
