एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राजधानी शिमला में मंगलवार रात से लगातार बारिश जारी है, जबकि बुधवार को अटल टनल और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट के बीच रोहतांग दर्रा सहित भरमौर और पांगी की ऊंची चोटियों पर मंगलवार को भी बर्फबारी हुई। प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहे और दोपहर बाद हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
तापमान में 7 से 8 डिग्री तक गिरावट
प्रदेश के अधिकतम तापमान में सोमवार के मुकाबले 7 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई। ठंडी हवाओं के चलते लोगों को एक बार फिर सर्दी का अहसास होने लगा है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन जिलों में अंधड़ और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 9 अप्रैल को भी मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है, जबकि 10 अप्रैल से मौसम साफ होने की संभावना जताई गई है। 11 से 13 अप्रैल के बीच पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से फिर बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी
करीब 13,050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रा समेत कई ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई है। चंबा जिले के भरमौर और पांगी में 7 से 17 सेंटीमीटर तक बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। वहीं निचले इलाकों में रुक-रुक कर बारिश जारी है। पांगी और सलूणी क्षेत्र में दो सड़कें बंद हो गई हैं। कणू नाला के पास भूस्खलन के कारण जाम की स्थिति बनी हुई है।
