एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। जिला शिमला के रामपुर के रहने वाले युवा समाजसेवी पीयूष प्रार्थी को सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए निफा (National Integrated Forum of Artists and Activists – NIFFA) द्वारा “यंग कम्युनिटी चैंपियन अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया है। साथ ही उनका नाम “वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस बुक इंग्लैंड” में भी दर्ज किया गया है, जो कि हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

निफा की रजत जयंती स्थापना समारोह का भव्य आयोजन
निफा की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर 21 से 24 सितंबर 2025 तक चार दिवसीय नेशनल कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन का शुभारंभ भारत मंडपम, दिल्ली में हुआ, जिसमें देश-विदेश से अनेक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
करनाल में निकाली गई राष्ट्रीय एकता रैली
22 सितंबर को करनाल में आयोजित राष्ट्रीय एकता रैली में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने अपने-अपने सांस्कृतिक परिधान और कला के माध्यम से एकता और विविधता का संदेश दिया। हिमाचल प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए पीयूष प्रार्थी ने प्रदेश की सांस्कृतिक झलक प्रस्तुत की।
देशभर से समाजसेवियों और कलाकारों को किया गया सम्मानित
इस समारोह के दौरान पूरे भारत से चयनित राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तर के समाजसेवियों एवं कलाकारों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। प्रत्येक जिले से एक युवा महिला एवं एक युवा पुरुष को समाज सेवा में योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया।
12 वर्षों से सामाजिक सेवा में सक्रिय हैं पीयूष प्रार्थी
पीयूष प्रार्थी पिछले 12 वर्षों से मानव उत्थान सेवा समिति, आर्यावर्त एजुकेशनल वैलफेयर एंड चैरिटेबल सोसायटी, आर्ट ऑफ लिविंग, रक्तदान सेवा परिवार रामपुर बुशहर, युवा जागृति संगठन, रामकृष्ण मिशन जैसी संस्थाओं के साथ मिलकर समाज सेवा कर रहे हैं।
दो दिन और रहेंगे सम्मेलन का हिस्सा
पीयूष प्रार्थी इस नेशनल कॉन्फ्रेंस के शेष दो दिनों तक भी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं और देशभर से आए समाजसेवियों के साथ अनुभव साझा कर रहे हैं।
