Himachal Pradesh: मोदी के नेतृत्व में भारत बनेगा वैश्विक शक्ति: अनुराग ठाकुर

एआरबी टाइम्स ब्यूरो

हिमाचल प्रदेश। पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता बनने और देश के दूसरे सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने का कीर्तिमान स्थापित करने पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि मोदी जी की नीतियों की मज़बूत आधारशिला पर भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।

मोदी के नेतृत्व में भारत ने देखा बड़ा बदलाव

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी छवि को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। भारत की प्रगति की गति के साथ-साथ मोदी जी की लोकप्रियता भी विश्वभर में निरंतर बढ़ रही है, जो हम सभी भारतीयों के लिए गर्व की बात है।”

ग्लोबल अप्रूवल में मोदी जी सबसे आगे

उन्होंने जानकारी दी कि बिजनेस इंटेलिजेंस कंपनी मॉर्निंग कंसल्ट द्वारा जारी नवीनतम रिपोर्ट में प्रधानमंत्री मोदी को 75% अप्रूवल रेटिंग के साथ विश्व के नेताओं में पहला स्थान प्राप्त हुआ है।
उन्होंने बताया कि –

  • वर्ष 2021 से पीएम मोदी लगातार इस सूची में शीर्ष पर बने हुए हैं।

  • 2022 में उनकी रेटिंग 71% थी, जबकि 2023 में यह बढ़कर 76% तक पहुंची।

  • फरवरी 2024 में उन्होंने 78% की ऐतिहासिक अप्रूवल रेटिंग हासिल की।

दूसरे सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री बने मोदी

उन्होंने कहा कि 25 जुलाई 2025 को मोदी ने प्रधानमंत्री कार्यालय में 4,078 दिन का कार्यकाल पूरा कर लिया है, जो पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के 4,077 दिनों के रिकॉर्ड को पार करता है।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह सफर 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुआ था। वे अब तक लगभग 24 वर्षों से राज्य और केंद्र की चुनी हुई सरकारों का नेतृत्व कर चुके हैं। यह उनकी सेवा भावना और जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है।

मोदी जी का नेतृत्व भारत के लिए गर्व की बात

अनुराग ठाकुर ने कहा, “मोदी न केवल भारत के, बल्कि विश्व के सबसे भरोसेमंद और सबसे अधिक रेटिंग पाने वाले नेता हैं। उनके सशक्त नेतृत्व में भारत का भविष्य सुरक्षित है। उनकी नीतियों और दूरदृष्टि से देश निश्चित रूप से विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *