एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस (IBCA) की टीम ने सुमित्रा दास गुप्ता के नेतृत्व में हिमाचल के नव अधिसूचित त्साराप चू संरक्षण रिज़र्व के संरक्षण व प्रबंधन के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू को ₹3 करोड़ की सहायता राशि प्रदान की। मुख्यमंत्री ने इस सहयोग के लिए आईबीसीए का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राशि प्रारंभिक संरक्षण गतिविधियों, प्रबंधन योजना, समिति गठन व हितधारकों के प्रशिक्षण में उपयोग होगी।
त्साराप चू संरक्षण रिज़र्व को 7 मई 2025 को अधिसूचित किया गया था और यह 1,585 वर्ग किमी क्षेत्र में फैला है। यह हिमाचल प्रदेश के ट्रांस-हिमालयी क्षेत्र में स्थित है और उत्तर में लद्दाख, पूर्व में किब्बर अभयारण्य, दक्षिण में कब्जिमा नाला तथा पश्चिम में चंद्रताल अभयारण्य और बारालाचा दर्रा से घिरा है। यह क्षेत्र हिम तेंदुए, तिब्बती भेड़िया, कियांग, आइबेक्स, और रोज़ फिंच जैसे दुर्लभ वन्यजीवों का महत्वपूर्ण आवास है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ऐतिहासिक निर्णय प्रदेश में वन्यजीव संरक्षण, इको-टूरिज्म, रिसर्च और स्थानीय आजीविका के लिए नए अवसरों का सृजन करेगा। इसका प्रबंधन स्थानीय पंचायतों की भागीदारी वाली संरक्षण समिति द्वारा किया जाएगा ताकि समुदाय आधारित संरक्षित क्षेत्र विकसित हो सकें।
आईबीसीए, 96 देशों का एक अंतरराष्ट्रीय गठबंधन है, जो सात बड़ी बिल्ली प्रजातियों के संरक्षण को समर्पित है। हिमालयी क्षेत्रों में संरक्षण को लेकर उसकी यह पहल विशेष महत्व रखती है।
