Solan: हिमाचल को ग्रीन एनर्जी स्टेट बनाने की दिशा में बड़ा कदम: मुख्यमंत्री ने 24 वोल्वो बसों को दिखाई हरी झंडी

एआरबी टाइम्स ब्यूरो

सोलन। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को ‘ग्रीन एनर्जी स्टेट’ बनाने और जनता को विश्व स्तरीय परिवहन सेवाएं प्रदान करने की दिशा में सरकार प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। इसी कड़ी में उन्होंने मंगलवार को सोलन के क्यारीघाट से हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की 24 स्टेट-ऑफ-द-आर्ट वोल्वो बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके उपरांत आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश में परिवहन के क्षेत्र में हो रहे बदलावों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि HRTC को सशक्त बनाने के लिए सरकार द्वारा हर वर्ष एक-एक हजार करोड़ रुपये प्रदान किए गए हैं। अब तक 500 डीजल बसें, 300 इलेक्ट्रिक बसें और लगभग 30 वोल्वो बसें खरीदी जा चुकी हैं, जबकि भविष्य में 100 टेंपो ट्रैवलर भी खरीदे जाएंगे। HRTC को हर महीने 60 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए सड़क परिवहन ही मुख्य आधार है, और HRTC की बसें लाखों लोगों की जीवन रेखा हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में हाईड्रोजन चालित बसों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है और 110 करोड़ रुपये की लागत से चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, जिससे ग्रीन हिमाचल की परिकल्पना को बल मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार व्यवस्था परिवर्तन के उद्देश्य से कार्य कर रही है, सत्ता के सुख के लिए नहीं।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि HRTC ने अपने 50 वर्षों की यात्रा पूरी कर ली है और यह राज्य के दूरदराज क्षेत्रों तक लोगों को जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा जल्द ही 250 नई बसें निगम के बेड़े में जोड़ी जाएंगी।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने कहा कि वोल्वो बसों के संचालन से प्रदेश की आमदनी बढ़ेगी और पर्यटन को भी बल मिलेगा।

इस कार्यक्रम में विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार, जोगिंद्रा बैंक अध्यक्ष मुकेश शर्मा, HRTC उपाध्यक्ष अजय वर्मा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष चतर सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव आर.डी. नजीम, HRTC प्रबंध निदेशक निपुण जिंदल, कुलपति प्रो. राजेश्वर चंदेल, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *