एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
एच.पी. एयर स्क्वाड्रन एनसीसी कुल्लू ने 300 किमी लंबी साइक्लिंग एक्सपेडिशन को सफलतापूर्वक सम्पन्न किया, जिसका मुख्य उद्देश्य फिटनेस, नशा-निवारण जागरूकता, एयरो-मॉडलिंग प्रेरणा तथा सशस्त्र बलों में करियर के प्रति युवाओं को जागरूक करना रहा। कुल्लू से शिमला तक चले इस अभियान के दौरान कैडेट्स ने 16 स्कूलों और 5 कॉलेजों में 3,400 छात्रों को विभिन्न विषयों पर प्रेरित किया। जतोग कैंट, शिमला में ब्रिगेडियर हरप्रीत सिंह, ग्रुप कमांडर, एनसीसी ग्रुप मुख्यालय शिमला ने फ्लैग-इन कर अभियान का समापन किया।

कैडेट्स ने बंजार, जलोड़ी दर्रा, आनी, लुहरी, सैंज, कमरसीन, नारकंडा, मटियाना, संधू, चिखड़ और ठियोग जैसे कठिन व दुर्गम क्षेत्रों से होकर यह दूरी तय की। अभियान का सबसे चुनौतीपूर्ण चरण 10,800 फीट की ऊंचाई वाले जलोड़ी दर्रे को पार करना रहा। ग्रामीण स्कूलों में एयरो-मॉडलिंग का लाइव डेमो इस अभियान की विशेष उपलब्धि रही, जिसमें छात्रों ने ड्रोन, स्थिर विमान मॉडल और उड़ान मॉडल का प्रदर्शन देखा। इससे छात्रों में विमानन, एरोनॉटिक्स और तकनीकी करियर को लेकर उत्साह बढ़ा। अभियान के दौरान विकसित भारत अभियान के तहत नशा-निवारण, स्वस्थ जीवनशैली, सशस्त्र बल करियर मार्गदर्शन, फिटनेस, टीमवर्क और भूतपूर्व सैनिकों के सम्मान पर विशेष जोर दिया गया।
विंग कमांडर कुनाल शर्मा ने एनडीए, सीडीएस, AFCAT, अग्निवीर, एनसीसी स्पेशल एंट्री, परीक्षा तैयारी और अनुशासन जैसे विषयों पर विस्तृत सत्र लिए। उनका कहना है कि यह अभियान रोमांच, तकनीकी exposure, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रीय जागरूकता का बेहतरीन समन्वय साबित हुआ है।
टीम का नेतृत्व विंग कमांडर कुनाल शर्मा (भारतीय वायु सेना), फ्लाइंग ऑफिसर प्रो. निश्चल शर्मा और डॉ. हिमांग झरैक ने किया। सहायक स्टाफ में जे.डब्ल्यू.ओ. रहमान, सार्जेंट मुकेश, सार्जेंट रजनीश गुलेरिया, सार्जेंट मनदीप, जी.सी.आई. पूजा, ए.एम.आई. रेशमा गुलशन नंदा (होमगार्ड) और श्याम (होमगार्ड) शामिल रहे।
