एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक प्राइवेट बस पर अचानक पहाड़ से मलबा गिर गया, जिसमें दबकर 15 लोगों की मौत हो गई। यह बस मरोतन से घुमारवीं जा रही थी। हादसे में घायल हुए दो बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जिनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। बाद में NDRF की टीम भी मौके पर पहुंची। बिलासपुर के SP संदीप धवल ने जानकारी दी कि मृतकों में 9 पुरुष, 4 महिलाएं, और 2 लड़के शामिल हैं। बरठीं के अस्पताल में इन सभी शवों का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह से ही बिलासपुर में बरसात हो रही थी। भारी बारिश के बीच शाम करीब 6:25 बजे बरठीं के पास भलू में अचानक पहाड़ का मलबा बस पर आ गिरा। मलबा इतना अधिक था कि हादसे के बाद बस की केवल छत ही नजर आ रही थी। मलबे में दबकर 18 में से 15 ने मौके पर दम तोड़ दिया। जबकि दो बच्चों को राहत एवं दल ने मलबे से निकाल कर हॉस्पिटल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद आरुषि और शौर्य की हालत ठीक बताई जा रही है। मरने वालों 15 लोगों में चार एक परिवार से थे।
प्रधानमंत्री ने जताया दुख और किया मुआवजे का एलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि इस दुर्घटना में जान-माल की हानि से गहरा दुख हुआ है और उनकी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं। प्रधानमंत्री ने मुआवजे का ऐलान भी किया है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
मृतकों में ये लोग शामिल : दर्दनाक हादसे में शरीफ खान, रजनीश कुमार, चुन्नी लाल, सोनू, बख्शी राम, नरेंद्र शर्मा, कृष्ण लाल, नक्ष, प्रवीण कुमार, अंजना देवी, आरव, कांता देवी, विमला, कमलेश और संजीव कुमार की मौत हो गई।
