एआरबी टाइम्स ब्यूरो | हमीरपुर
HP JOA IT भर्ती 2026 : हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPSSC) ने युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का सुनहरा अवसर प्रदान किया है। आयोग ने जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) के 234 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। योग्य और इच्छुक अभ्यर्थी 27 जनवरी 2026 से इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 27 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। आयोग की ओर से यह भर्ती जॉब ट्रेनी के रूप में की जाएगी।
चयनित उम्मीदवारों को प्रशिक्षण अवधि के दौरान 12,500 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 27 जनवरी सुबह 10 बजे से शुरू होकर 27 फरवरी 2026 रात 12 बजे तक चलेगी। आवेदन केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) करना अनिवार्य होगा।
चयन प्रक्रिया और आयु सीमा
इन पदों पर चयन ऑब्जेक्टिव टाइप कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) के आधार पर किया जाएगा। इसके साथ ही उम्मीदवार के लिए टाइपिंग टेस्ट अनिवार्य होगा। अंग्रेजी में न्यूनतम 30 शब्द प्रति मिनट या हिंदी में 25 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग गति जरूरी है। हालांकि, दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों को टाइपिंग टेस्ट से छूट दी गई है। आवेदन के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्गों को सरकार के नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
पदों का वर्गवार विवरण
इन 234 पदों में सामान्य वर्ग के लिए 84, ईडब्ल्यूएस 30, स्वतंत्रता सेनानी 3, अनुसूचित जाति (यूआर) 45, एससी (बीपीएल) 9, एससी (डब्ल्यूएफएफ) 3, अनुसूचित जनजाति (यूआर) 9, एसटी (बीपीएल) 3, अन्य पिछड़ा वर्ग (यूआर) 39 और ओबीसी (बीपीएल) के लिए 9 पद निर्धारित किए गए हैं।
शैक्षणिक योग्यता
आयोग के अनुसार, अभ्यर्थी का 12वीं पास होना या 10वीं के साथ आईटी/आईटीईएस में आईटीआई डिप्लोमा, अथवा कंप्यूटर इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस या आईटी में तीन वर्षीय डिप्लोमा होना अनिवार्य है।
