एआरबी टाइम्स ब्यूरो | धर्मशाला
Kangra Chitta Case : हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कांगड़ा पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। कांगड़ा जिले में सीआईए (क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी) नूरपुर की टीम ने हेरोइन (चिट्टा) तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक युवती समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सोमवार को इंदौरा क्षेत्र में की गई।
पुलिस के अनुसार, सीआईए टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि पंजाब की ओर से एक सफेद कार इंदौरा की तरफ आ रही है, जिसमें नशीले पदार्थों की खेप छिपाकर लाई जा रही है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने इंदौरा बैरियर चौक के पास स्थित ‘रेन शेल्टर’ के नजदीक नाकाबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध सफेद वरना कार नाके पर पहुंची। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान चालक की सीट के नीचे छिपाया गया प्लास्टिक कंटेनर बरामद हुआ, जिसमें से 34.37 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) मिली। बरामद मात्रा व्यावसायिक श्रेणी के करीब बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके पर ही कार में सवार तीनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान जितेंद्र सिंह निवासी बटाला, पंजाब, मनदीप सिंह निवासी जम्मू और रज्जी बाला निवासी इंदौरा, कांगड़ा के रूप में हुई है। नूरपुर पुलिस ने थाना इंदौरा में तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने नशीला पदार्थ, वाहन और अन्य साक्ष्य कब्जे में लेकर जांच तेज कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला अंतर्राज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन क्षेत्रों में की जानी थी।
