एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
भारतीय जनता पार्टी मंडल रामपुर ने कांग्रेस सरकार के मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों पर दूसरी बार “आधी निकर वाले” जैसे अपमानजनक शब्दों के प्रयोग की कड़ी निंदा की है। भाजपा मंडल का कहना है कि यह टिप्पणी न केवल लाखों समर्पित स्वयंसेवकों का अपमान है, बल्कि हिमाचल प्रदेश की सामाजिक एकता और राजनीतिक मर्यादा पर भी हमला है। भाजपा नेताओं ने कहा कि आरएसएस ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आज तक राष्ट्र निर्माण, आपदा राहत और सामाजिक समरसता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे में उनके योगदान को हल्का दिखाने वाली भाषा अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
भाजपा नेता कौल सिंह नेगी और मंडल अध्यक्ष नरेश चौहान ने आरोप लगाया कि विधानसभा सत्र के दौरान मंत्री का यह बयान सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है, जिसका विपक्ष के विधायकों ने भी कड़ा विरोध किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जगत सिंह नेगी तुरंत सार्वजनिक माफी नहीं मांगते और भविष्य में ऐसी अभद्र भाषा से परहेज नहीं करते, तो भाजपा कार्यकर्ता सड़क से लेकर सदन तक विरोध करने को बाध्य होंगे।
भाजपा मंडल रामपुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार को समझना चाहिए कि ऐसी टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचा सकती हैं। संघ और राष्ट्रभक्त कार्यकर्ताओं के सम्मान की रक्षा के लिए संगठन सदैव तैयार है। मंत्री को तुरंत माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।
