Kinnaur: राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने टाशीगंग गांव का किया दौरा, सड़क निर्माण व खेल मैदान का दिया आश्वासन

एआरबी टाइम्स ब्यूरो

किन्नौर। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज जनजातीय जिला किन्नौर की सीमांत पंचायत नमज्ञा के दुर्गम गांव टाशीगंग का दौरा किया। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को सभी उचित मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने गांव की सड़क को शीघ्र पक्का करने का आश्वासन देते हुए कहा कि इसका कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा। साथ ही, गांव के युवाओं के लिए खेल मैदान के निर्माण की घोषणा की ताकि स्थानीय युवा खेल से जुड़कर न केवल स्वस्थ रहें, बल्कि राज्य और देश का नाम भी रोशन करें।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार सर्वांगीण विकास और उपेक्षित वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों को पर्यटन के लिए खोलने का निर्णय भी इसी दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार द्वारा लागू वन अधिकार अधिनियम-2006 के तहत पात्र लोगों को भूमि का मालिकाना हक दिया जा रहा है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे ग्राम सभा में आवेदन कर इस अधिनियम का लाभ उठाएं।

राजस्व मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने को प्रतिबद्ध है। सरकारी स्कूलों में अब पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई आरंभ कर दी गई है और शिक्षकों को आधुनिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही, प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

इस अवसर पर महिला मंडल टाशीगंग ने मंत्री का पारंपरिक रूप से भव्य स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकारी एडीएम पूह नारायण सिंह चौहान, जिला कांग्रेस अध्यक्ष उमेश नेगी, किनफेड अध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, जिला कांग्रेस महासचिव सुशील साना, नमज्ञा पंचायत प्रधान बलदेव नेगी, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण दिनेश सेन, विद्युत विभाग के टाशी छोडुप नेगी, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता बालकृष्ण, भू-संरक्षण अधिकारी राजेश धीमान, उप निदेशक उद्यान भूपेंद्र नेगी, कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *