Kinnaur: रिकांगपिओ फॉरेस्ट कॉलोनी में पौधरोपण-जागरूकता अभियान, चिलगोजे के 40 पौधे रोपित

एआरबी टाइम्स ब्यूरो

किन्नौर। जिला किन्नौर के रिकांग पीओ स्थित फॉरेस्ट कॉलोनी में आज पौधरोपण एवं पर्यावरण-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी जितेन्द्र सैनी ने वन विभाग के सहयोग से चिलगोजे के 40 पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जितेन्द्र सैनी ने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन एक गंभीर चुनौती है और इससे निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पेड़ न केवल पर्यावरण को शुद्ध करते हैं, बल्कि जलवायु असंतुलन को भी नियंत्रित करने में सहायक होते हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे स्वयं भी पेड़ लगाएं और दूसरों को भी प्रेरित करें।

इस अभियान में वन विभाग के कर्मचारियों के साथ-साथ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रिकांग पीओ के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। सभी ने मिलकर पौधरोपण किया और पर्यावरण को स्वच्छ व सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। अभियान के दौरान प्रत्येक प्रतिभागी को एक पेड़ गोद लेने के लिए प्रेरित किया गया तथा ठोस कचरा प्रबंधन की जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर पुलिस थाना रिकांग पीओ के सहायक उप निरीक्षक संजीव कुमार, वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, विद्यालय के अध्यापकगण व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *