एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक मुक्त दिवस के अवसर पर वीरवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने रामपुर शहर में आम जनता और व्यापारियों के बीच जूट बैग वितरित किए। इस पहल का उद्देश्य प्लास्टिक के उपयोग को कम करना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना था।
अधिकारियों ने लोगों को प्लास्टिक से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुछ प्लास्टिक उत्पाद ऐसे होते हैं जिन्हें नष्ट करना लगभग असंभव है। इसके अत्यधिक उपयोग के चलते कई बार नालियों के जाम होने, भूमि और जल प्रदूषण जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। साथ ही पशुओं द्वारा प्लास्टिक खाने की घटनाएं भी सामने आती हैं, जो उनके लिए घातक सिद्ध होती हैं।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश सरकार समय-समय पर प्लास्टिक उन्मूलन के लिए अभियान चलाती रही है। ऐसे अभियानों को सफल बनाने के लिए आम जनता की भागीदारी और जागरूकता बेहद जरूरी है। प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्लास्टिक का शून्य उपयोग सुनिश्चित करना चाहिए।
इस जागरूकता अभियान के दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधीक्षक दलीप ठाकुर, कनिष्ठ पर्यावरण अभियंता लोकेश कुमार तथा जेओए सुनैना कुमारी भी उपस्थित रहीं।
