एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
जिला शिमला के रामपुर उपमंडल के तहत पुलिस थाना झाकड़ी क्षेत्र में उधार के पैसों को लेकर हुए विवाद ने फायरिंग की गंभीर घटना का रूप ले लिया। इस संबंध में पुलिस थाना झाकड़ी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा धारा 25 शस्त्र अधिनियम, 1959 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता राजेश डोगरा निवासी गांव कोटी, डाकघर धार-गौरा, तहसील रामपुर, जिला शिमला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 फरवरी को वह अपने साथियों अनिल कुमार, सुमित और पियूष के साथ ऑल्टो कार में गांव शनेरी से अपने घर लौट रहे थे।
बताया गया कि शिकायतकर्ता ने एक दिन पूर्व सुरेश कुमार शर्मा पुत्र प्रेम लाल शर्मा निवासी गांव फुंजा, डाकघर मझेवली, तहसील रामपुर से उधार दिए गए पैसों की मांग की थी। इसी बात को लेकर 22 फरवरी को सुबह करीब 11:30 बजे डोई गॉड (नाला) के समीप दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हाथापाई हो गई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी सुरेश कुमार शर्मा ने अपनी गाड़ी में रखे एक आग्नेयास्त्र से शिकायतकर्ता पर गोली चला दी। उस समय शिकायतकर्ता अपनी कार में बैठा हुआ था। गोली चालक सीट के पीछे वाली खिड़की के शीशे से टकराई, जिससे शीशा टूट गया। शीशे का एक कण शिकायतकर्ता को भी लगा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 22 फरवरी की रात को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 23 फरवरी 2026 को माननीय न्यायालय रामपुर में पेश किया जाएगा।
घटनास्थल पर State Forensic Science Laboratory Junga (SFSL जूंगा) की विशेषज्ञ टीम ने पहुंचकर भौतिक साक्ष्य एकत्रित किए हैं। आरोपी द्वारा प्रयुक्त हथियार के संबंध में विस्तृत पूछताछ जारी है तथा उसकी शीघ्र बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार मामले में जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
