एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने उपमण्डल जुब्बल के अंतर्गत खड़ापत्थर में रोगी कल्याण समिति जुब्बल के सदस्यों के साथ बैठक कर नागरिक चिकित्सालय जुब्बल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की। बैठक में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय आनंद, डॉ. सुनीश चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान डॉ. सुनीश चौहान ने वित्तीय वर्ष 2024–25 और 2025–26 की आय-व्यय रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए आगामी योजनाओं और आवश्यक संसाधनों पर विस्तृत जानकारी दी। अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने को लेकर आवश्यक उपकरणों एवं मशीनों की उपलब्धता बढ़ाने पर भी गहन चर्चा हुई।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बताया कि जुब्बल क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और मजबूत बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता से स्थानीय लोगों को बड़ा लाभ मिल रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रोगी कल्याण समिति द्वारा अर्जित धनराशि का संतुलित और विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
नई मशीनों की खरीद को मंजूरी, एक्स-रे मशीन की मरम्मत के निर्देश
रोगी कल्याण समिति की बैठक में मंत्री ने अस्पताल के लिए नई ईसीजी और आरवीजी मशीनों की खरीद को मंजूरी प्रदान की। साथ ही एक्स-रे मशीन को तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए हीटर, कंबल, स्वच्छ पेयजल और पानी की टंकियों की सफाई जैसे आवश्यक प्रबंध करने पर भी जोर दिया।
सड़कों और भवनों के पुनर्निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
बैठक के उपरांत जुब्बल और कोटखाई की विभिन्न पंचायतों से आए प्रतिनिधिमंडलों ने मंत्री से मुलाकात कर स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया। वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में रोहित ठाकुर ने आपदा उपरांत क्षतिग्रस्त सड़कों और भवनों के पुनर्निर्माण व मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि सर्दियों में जनता को कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर उपमंडल दंडाधिकारी जुब्बल/कोटखाई गुरमीत नेगी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता (रोहडू वृत्त) प्रमोद उप्रेती सहित विभिन्न अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।