एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
जिला कुल्लू के निरमंड खंड की कई संपर्क सड़कों के अभी भी बंद रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में हिमाचल किसान सभा की निरमंड इकाई ने अधिषाशी अभियंता, लोक निर्माण विभाग निरमंड को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 29 अक्टूबर तक सभी बंद सड़कों को यातायात, विशेषकर बसों के चलने लायक बनाने की मांग की गई है। किसान सभा ने यह भी चेतावनी दी कि यदि इस तारीख तक सड़कों को नहीं खोला गया, तो ग्रामीणों को संगठित कर विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
सभा अध्यक्ष पूर्ण ठाकुर और सचिव देवी ने बताया कि इस वर्ष भारी बरसात ने हिमाचल प्रदेश, विशेषकर निरमंड खंड में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। कई मुख्य सड़कें और संपर्क मार्ग भूस्खलन व बारिश के चलते क्षतिग्रस्त हो गए थे। हालांकि लोनिवि द्वारा मरम्मत कार्य जारी है, लेकिन बरसात खत्म हुए एक माह से अधिक समय बीतने के बावजूद कई सड़कें अब भी बंद पड़ी हैं। इससे ग्रामीणों को राशन पीठ पर लाद कर ले जाने या निजी वाहनों से महंगा किराया चुकाने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सभा ने विभाग से सभी मुख्य और संपर्क सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर खोलने और विशेष रूप से सार्वजनिक परिवहन के लिए बसों की आवाजाही सुनिश्चित करने की मांग की है।
