एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
पदम् वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामपुर के प्रांगण में बुशहर कबड्डी संघ एवं अंतरराष्ट्रीय लवी मेला कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का समापन रोमांच और उत्साह के वातावरण में हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश राज्य 7वें वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नन्द लाल रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कबड्डी हमारी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है तथा ऐसे आयोजन खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करते हैं।

महिला वर्ग के फाइनल में कोहिनूर एकेडमी दभोटा नालागढ़ ने स्टेट स्पोर्ट्स हॉस्टल बिलासपुर को पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं पुरुष वर्ग में कृष्णा एकेडमी बिलासपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाबा जग्गो स्पोर्ट्स एकेडमी नालागढ़ को हराकर प्रथम स्थान हासिल किया। मुख्य अतिथि ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, प्रमाणपत्र एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में नन्द लाल की धर्मपत्नी सत्या देवी, निदेशक (पर्यटन) यशपाल सोनी, डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा, जिला परिषद सदस्य त्रिलोक भलूनी, डीएफओ गुरहर्ष सिंह सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल संचालन में संघ अध्यक्ष सुभाष रांझा, महासचिव दलीप भलूनी सहित पूरी आयोजन टीम का विशेष योगदान रहा।
