एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
अंतर्राष्ट्रीय लवी मेले के उपलक्ष में रामपुर में आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन शनिवार देर शाम उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। समापन समारोह के मुख्यातिथि सातवें वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, ऊर्जा व सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। साथ ही उन्होंने युवाओं को खेलों को जीवनशैली का हिस्सा बनाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में पदम स्कूल रामपुर के प्रधानाचार्य राजेश परमार, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पदम शर्मा, एक्सईन कुकू शर्मा, डीडी कश्यप सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान बुशहर बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के करीब 125 खिलाड़ियों ने भाग लिया। 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के वरिष्ठ खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन कर युवाओं को “खेल खेलो, नशा छोड़ो” का प्रेरक संदेश दिया।
सीनियर सिंगल्स वर्ग में पुनीत गुप्ता विजेता एवं संजीव मेहता उपविजेता रहे। सीनियर डबल्स में पुनीत गुप्ता एवं अनिल मोक्टा विजेता बने, जबकि राजेश गुप्ता एवं संजीव मेहता उपविजेता रहे। टीम इवेंट में बुशहर बैडमिंटन एसोसिएशन ‘बी’ विजेता और ‘ए’ उपविजेता रही। महिला वर्ग में पीजी कॉलेज की टीम ने जीत दर्ज की, जबकि दत्तनगर की टीम उपविजेता रही। अंडर-14 वर्ग में भी बच्चों ने बढ़िया प्रदर्शन कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
बुशहर बैडमिंटन ऐसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने बताया कि लवी मेले के दौरान इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और क्षेत्रीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों में उत्साह और खिलाड़ियों में खेल भावना देखने को मिली।
इस मौके पर मनोज शर्मा, कमल, पंकज चौहान, रवि शर्मा, डीपी चेतन शर्मा, निर्दोश ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
