एआरबी टाइम्स ब्यूरो | मंडी
Mandi Accident : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार देर शाम मगरूगला में एक सड़क हादसा सामने आया है। बर्फबारी के कारण फिसलन भरी सड़क पर एक कार गहरी खाई में गिर गई, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, कुल्लू जिले के सेऊबाग निवासी 34 वर्षीय अमित गौतम अपनी पत्नी पूनम के साथ कार में सफर कर रहे थे। मगरूगला के पास एक तेज मोड़ पर कार बर्फ के कारण फिसल गई और अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे के दौरान पूनम कार से बाहर सड़क किनारे गिर गईं, जबकि अमित गौतम कार सहित गहरी खाई में जा गिरे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल पूनम को खाई से बाहर निकालकर सिविल अस्पताल जंजैहली पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
