एआरबी टाइम्स ब्यूरो | मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार सुबह एक सड़क हादसा सामने आया। पांगणा क्षेत्र के तहत पुलिस चौकी निहरी के तहत आने वाले चरखड़ी गांव के पास एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि पांच यात्री घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, हादसे के समय बस में कुल पांच यात्री सवार थे। इनमें से दो यात्रियों को गंभीर चोटें, जबकि तीन को मामूली चोटें आई हैं। घायलों में एक बच्चा भी शामिल बताया जा रहा है। हादसे के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
उधर, मंडी जिले के पांगणा क्षेत्र में हुए दुखद बस हादसे पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इसे अत्यंत पीड़ादायक घटना बताते हुए दिवंगत महिला के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने जिला प्रशासन से घायलों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि भाजपा इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
