एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने आज अपने कार्यालय में आयोजित बैठक में बताया कि राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) द्वारा वित्त वर्ष 2026-27 के लिए जनजातीय जिला किन्नौर में कुल 574.09 करोड़ रुपये की संभावित ऋण क्षमता का आकलन किया गया है।
इस ऋण योजना के अंतर्गत:
कृषि एवं सहायक क्षेत्र के लिए 372.99 करोड़ रुपये
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र के लिए 165.06 करोड़ रुपये
शिक्षा, आवास एवं सामाजिक अवसंरचना के लिए 36.03 करोड़ रुपये
का प्रावधान किया गया है। यह पहल जिले में समावेशी एवं संतुलित विकास को गति प्रदान करेगी।
जिला विकास प्रबंधक, नाबार्ड, चंद्रेश कुमार ने बताया कि नाबार्ड का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाना तथा वित्तीय सहायता के माध्यम से कृषकों को सशक्त बनाना है, जिससे जिले की प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि नाबार्ड जिले के अन्य सरकारी बैंकों के लिए मार्गदर्शक संस्था के रूप में कार्य करता है, ताकि कृषि एवं ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए वित्तीय प्रवाह सुनिश्चित किया जा सके और सकल घरेलू उत्पाद में वृद्धि दर्ज हो।
