एआरबी टाइम्स ब्यूरो
मंडी। नागरिक अस्पताल करसोग ने महिला स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बच्चेदानी कैंसर स्क्रीनिंग करसोग में शुरू कर दी है। यह सुविधा सरकार की गैर-संचारी रोगों (Non-Communicable Diseases) से संबंधित योजना के तहत 30 अगस्त से शुरू की गई है।
बीएमओ करसोग डॉ. गोपाल चौहान और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. इशू मेहता के नेतृत्व में पहले ही दिन दो महिलाओं की सफल स्क्रीनिंग की गई। यह स्क्रीनिंग अस्पताल के माइनर ऑपरेशन थिएटर में 5 प्रतिशत एसिटिक एसिड तकनीक से की गई, जो एक सरल और प्रभावी प्रक्रिया है।
डॉ. गोपाल चौहान ने बताया, “यदि जांच के दौरान बच्चेदानी के मुख का रंग सफेद हो जाता है, तो कैंसर की आगे की जांच की जाती है। यदि परिणाम सामान्य हों, तो महिला को पांच वर्षों के बाद दोबारा जांच के लिए बुलाया जाता है।”
डॉ. चौहान स्वयं कैंसर स्क्रीनिंग के मास्टर ट्रेनर हैं और एम्स, दिल्ली से प्रशिक्षित हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वे स्थानीय डॉक्टरों, नर्सों और CHO को भी प्रशिक्षित करने की योजना बना रहे हैं ताकि बच्चेदानी के कैंसर का प्रारंभिक चरण में ही पता लगाया जा सके।
इस पहल में वार्ड सिस्टर संध्या और स्टाफ नर्स टीना भी सक्रिय रूप से शामिल रही हैं। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं अब इस सुविधा का लाभ उठाकर समय रहते कैंसर की जांच और उपचार करवा सकेंगी।
