एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
केन्द्रीय सतर्कता आयोग, नई दिल्ली तथा एसजेवीएन के मुख्य सतर्कता अधिकारी के दिशा-निर्देशों के तहत नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पॉवर स्टेशन (एनजेएचपीएस) में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक किया जा रहा है। इस वर्ष का थीम है — “सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी।”
सप्ताह का शुभारंभ परियोजना प्रमुख श्री राजीव कपूर द्वारा मुख्य प्रशासनिक भवन, झाकड़ी में कार्यरत सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाकर किया गया। इसी क्रम में विद्युत गृह झाकड़ी एवं बांध स्थल नाथपा पर भी कर्मचारियों को शपथ दिलाई गई।
शपथ ग्रहण समारोह के उपरांत एक ‘वॉकथॉन’ (Walkathon) का आयोजन किया गया, जिसे श्री राजीव कपूर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने ईमानदारी एवं पारदर्शिता के संदेश के साथ स्थानीय जनसमुदाय को जागरूक किया। सप्ताह भर चलने वाले इस कार्यक्रम के दौरान सतर्कता विभाग द्वारा कई आउटरीच गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें कर्मचारियों, स्थानीय विद्यालयों, महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के मूल्यों को प्रोत्साहित करना है।
इसी क्रम में आज राष्ट्रीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, सराहन के विद्यार्थियों के लिए नारा लेखन एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिससे युवा पीढ़ी में सतर्कता और रचनात्मकता के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
