एआरबी टाइम्स ब्यूरो, चंडीगढ़
भारत सरकार का नवरत्न उद्यम NHPC Limited ने लगातार दूसरे वर्ष जनवरी 2026 से जनवरी 2027 की अवधि के लिए प्रतिष्ठित ग्रेट प्लेस टू वर्क प्रमाणन प्राप्त किया है। इस वर्ष कंपनी ने पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर ट्रस्ट इंडेक्स स्कोर अर्जित किया, जो संगठन की मजबूत कार्य संस्कृति और कार्मिक विश्वास को दर्शाता है।
ग्रेट प्लेस टू वर्क एक वैश्विक संस्था है, जो कार्यस्थल संस्कृति, कार्मिक अनुभव और नेतृत्व व्यवहार के आधार पर संगठनों का मूल्यांकन करती है। यह प्रमाणन एक कठोर मूल्यांकन प्रक्रिया पर आधारित होता है, जिसमें व्यापक स्तर पर कर्मचारियों की प्रतिक्रिया ली जाती है। मूल्यांकन पांच प्रमुख मानकों—विश्वसनीयता, सम्मान, निष्पक्षता, गौरव और सौहार्द—पर किया जाता है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर एनएचपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक Bhupender Gupta ने सभी कार्मिकों को बधाई दी। उन्होंने प्रमाणन प्रक्रिया से प्राप्त अंतर्दृष्टियों के विश्लेषण पर बल देते हुए संगठन की कार्य संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर एवं सार्थक प्रयासों का आह्वान किया।
पांच दशकों से अधिक की विकास यात्रा के दौरान एनएचपीसी ने भौगोलिक विविधताओं, भाषाओं, संस्कृतियों और सामाजिक परिस्थितियों से उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद सकारात्मक और समावेशी कार्य वातावरण को बढ़ावा दिया है। सर्वेक्षण में संगठन के 88% कार्मिकों की भागीदारी ने नेतृत्व और प्रक्रियाओं में उनके विश्वास और सक्रिय सहभागिता को रेखांकित किया।
यह प्रतिष्ठित प्रमाणन एनएचपीसी की विश्वास, सम्मान, गरिमा, समावेशिता, मान्यता और प्रशंसा पर आधारित संस्कृति के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को पुनः प्रमाणित करता है।
