एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर थाना क्षेत्र के नोगली बाजार में अज्ञात चोरों ने सार्वजनिक सुविधा के लिए लगाए गए वाटर कूलर को चोरी कर लिया। यह कूलर करीब तीन वर्ष पहले बाजार के बीचों-बीच लोगों की सुविधा के लिए स्थापित किया गया था। जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात शातिर चोर जालीदार स्टैंड के अंदर से कूलर को निकालकर ले गए और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। हैरानी की बात यह है कि नोगली बाजार क्षेत्र का यह स्थान सबसे व्यस्त इलाकों में से एक माना जाता है।
यह वाटर कूलर स्कूली बच्चों और आम राहगीरों के लिए पेयजल का मुख्य साधन था। कूलर चोरी होने के बाद आने वाली गर्मियों में लोगों को ठंडे पानी की सुविधा नहीं मिल पाएगी। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर काफी नाराजगी है। उनका कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं और पुलिस को सख्त कदम उठाने चाहिए। इस संबंध में रामपुर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
