चंडीगढ़। पाकिस्तान ने लगातार चौथे दिन पंजाब पर हमला किया है। शनिवार को सुबह पठानकोट में फिर से फायरिंग शुरू हो गई। 55 मिनट तक तेज धमाकों की आवाज़ें सुनाई दीं। पाकिस्तान की ओर से मिसाइल और बम दागे गए। पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और दुकानें बंद करा दी गई हैं। पाकिस्तान के मिसाइल हमले से पठानकोट और आदमपुर एयरबेस को मामूली नुकसान पहुंचा है। पाकिस्तान ने हाईस्पीड मिसाइल छोड़कर एयरबेस को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन उनका दावा कि उन्होंने भारत की ब्रह्मोस फैसिलिटी को तबाह कर दिया है, पूरी तरह झूठा है। पंजाब के अमृतसर, बठिंडा, फाजिल्का और फिरोजपुर में सायरन बजाए गए हैं। फिरोजपुर की डिप्टी कमिश्नर ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों में रहें और खिड़कियों से दूर रहें।
सुबह 8 बजे जालंधर और आदमपुर एयरबेस के पास धमाके हुए। नाहला गांव में एक मिसाइल गिरी, लेकिन कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। एहतियातन जालंधर, आदमपुर, फिरोजपुर और कपूरथला के बाजार बंद कर दिए गए हैं, सिर्फ मेडिकल स्टोर खुले हैं। अमृतसर के खासा और वडाला भिट्टेवड्ड गांव में सेना ने पाकिस्तानी ड्रोन गिराए। वडाला में एक घर में आग लग गई। मानसा, होशियारपुर और जालंधर के अलग-अलग गांवों में मिसाइल और ड्रोन के टुकड़े मिले हैं। इससे पहले शुक्रवार रात को भी पाकिस्तान ने पंजाब के कई जिलों में ड्रोन हमले किए थे। फिरोजपुर के एक गांव में ड्रोन गिरने से आग लग गई और तीन लोग घायल हो गए। जालंधर में कार पर रॉकेटनुमा वस्तु गिरी, जबकि जंडू सिंघा गांव में एक व्यक्ति ड्रोन के पुर्जों की चपेट में आ गया।
