एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा जारी डिटेंशन आदेश की अनुपालना करते हुए पुलिस थाना रामपुर ने PIT NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई कर एक आदतन नशा तस्कर को गिरफ्तार कर तीन महीने के लिए जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 मार्च 2026 को पुलिस थाना रामपुर, जिला शिमला की टीम ने PIT NDPS एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए सतपाल (38) पुत्र भद्रू राम निवासी गांव कैशल, डाकघर लगौटी, तहसील आनी, जिला कुल्लू (वर्तमान पता वीपीओ नीरथ, तहसील रामपुर, जिला शिमला) के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की। इसके तहत आरोपी को तीन महीने की अवधि के लिए जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार सतपाल पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में संलिप्त पाया गया है और उसे तीन अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है। पहला मामला 8 फरवरी 2023 को पुलिस थाना रामपुर में दर्ज हुआ था, जिसमें आरोपी से करीब 6.50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। दूसरा मामला 30 जुलाई 2024 को पुलिस थाना ननखड़ी में दर्ज हुआ, जिसमें उससे लगभग 8 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। वहीं तीसरा मामला 27 जुलाई 2025 को पुलिस थाना रामपुर में दर्ज हुआ, जिसमें आरोपी से करीब 2 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी की बार-बार नशा तस्करी में संलिप्तता को देखते हुए और क्षेत्र में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से उसके खिलाफ PIT NDPS एक्ट के तहत यह निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।
उल्लेखनीय है कि जिला शिमला पुलिस ने पिछले 43 दिनों में डिटेंशन आदेशों के आधार पर 30 आदतन और संगठित चिट्टा तस्करों को हिरासत में लेकर तीन महीने के लिए जेल भेजा है। शिमला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मामले की पुष्टि करे हुए एसडीपीओ रामपुर नरेश शर्मा ने बताया कि रामपुर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्यवाही की जा रही है। वहीं उन्होंने आमजन मानस से भी पुलिस के एंटी चिट्टा अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।
