Shimla : लॉटरी-शराब नीति पर गरजी भाजपा, 6 अगस्त को मंडी में प्रदर्शन

शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि हिमाचल प्रदेश लॉटरी, शराब और चिट्टे का अड्डा बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस सरकार ने 1 लाख सरकारी नौकरियों का वादा किया था, वह अब प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को लॉटरी की ओर धकेल रही है। बिंदल ने कहा कि भाजपा इस दमनकारी रवैये और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ 6 अगस्त को मंडी में एक विशाल धरना प्रदर्शन करेगी।

उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि अब प्रदेश में “ले लो सुखों की लॉटरी ले लो” जैसे नारे गूंजेंगे। डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा सरकार आने पर लॉटरी जैसी नीतियों को फिर से बंद किया जाएगा, जैसा कि 1998 और 2007 में भाजपा सरकारों ने किया था।
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लोक निर्माण विभाग (PWD) की जमीन पर खुलेआम शराब के ठेके खोले जा रहे हैं, जबकि गरीब किसान मक्की बेचता है तो उसका चालान काट दिया जाता है। उन्होंने इसे कांग्रेस सरकार की दोहरी नीति बताया।

भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस सरकार को ‘दमनकारी’ करार देते हुए कहा कि यह एफआईआर और चार्जशीट वाली सरकार बन गई है। जो सरकारी कर्मचारी या आम नागरिक आवाज उठाता है, उसके खिलाफ ट्रांसफर, जांच या झूठे मुकदमे किए जा रहे हैं। उन्होंने सिरमौर और थुनाग की घटनाओं का उदाहरण देते हुए बताया कि तिरंगे की आड़ में देशद्रोह के केस दर्ज किए गए, जिनमें एक व्यक्ति अभी जेल में है।

7513 करोड़ मिले केंद्र से, खर्च हुए सिर्फ 150 करोड़?

डॉ. बिंदल ने प्रदेश सरकार से यह सवाल भी किया कि 2022 से अब तक आपदा राहत के लिए स्टेट हेड से कितना पैसा खर्च किया गया है? उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने केवल 150 करोड़ रुपये खर्च किए हैं, जबकि केंद्र सरकार ने अब तक हिमाचल को 7513 करोड़ की मदद दी है। इसके अतिरिक्त मनरेगा और एक लाख आवास योजना के तहत अतिरिक्त सहयोग भी मिला है। उन्होंने बताया कि भाजपा नेताओं के आग्रह पर अब भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (BBMB) भी आपदा राहत में सहयोग को तैयार है, और इस संबंध में केंद्रीय मंत्री मोहनलाल खट्टर से बातचीत हुई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *