एआरबी टाइम्स ब्यूरो
मंडी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल में आई त्रासदी के दौरान कांग्रेस सरकार राहत कार्यों में तेजी से काम करने में विफल रही है। प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि सरकार देरी से जागी और वह भी तब जब नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर फील्ड में सक्रिय हुए। देर आए दुरुस्त आए जरूर कहा जाता है, लेकिन सामूहिक और व्यापक स्तर पर जिस तत्परता की आवश्यकता थी, वह दिखाई नहीं दी।
बिंदल ने कहा कि जैसे ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और जयराम ठाकुर ने गृह मंत्री अमित शाह से संपर्क किया, तत्काल हेलीकॉप्टर और सेना राहत कार्यों के लिए भेजी गई। यह केंद्र सरकार की संवेदनशीलता और तत्परता का प्रमाण है। डॉ. बिंदल ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि वह फोरलेन परियोजनाओं के समर्थन में हैं या विरोध में? उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाया कि वे लगातार इन विकास परियोजनाओं का विरोध कर रहे हैं। साथ ही जंगल कटान और अवैध खनन पर सरकार की निष्क्रियता को भी त्रासदी का मुख्य कारण बताया।
बिंदल ने जानकारी दी कि हिमाचल में कुल 25 नेशनल हाईवे पर काम चल रहा है, जिनकी कुल लंबाई 2,592 किलोमीटर है। इनमें से 785 किमी एनएचएआई, 1,238 किमी मोर्थ और 569 किमी बीआरओ के अधीन हैं। इन पर केंद्र सरकार द्वारा पहले ही एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की जा चुकी है।
🎁 भाजपा की राहत : 48 घंटे में 2,000 से अधिक राहत किट वितरित
डॉ. बिंदल ने दावा किया कि भाजपा ने पिछले 48 घंटे में 2,000 से अधिक राहत किट प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचाई हैं। आने वाले दिनों में यह संख्या 5,000 से पार होगी। किट में 10 किलो चावल, 10 किलो आटा, 1 किलो नमक, 1 लीटर तेल, 2 किलो दाल, मसाले, मोमबत्ती आदि शामिल हैं। भाजपा जल्द बर्तन, कंबल और सामूहिक रसोई भी शुरू करेगी। इस पूरे कार्य की निगरानी के लिए पार्टी ने तीन टीमें बनाई हैं। सिराज विधानसभा क्षेत्र में डॉ. राजीव बिंदल, गोविंद ठाकुर, इंदर सिंह गांधी, राजेश ठाकुर, डॉ. संजय ठाकुर, सुमित शर्मा, नाचन विधानसभा क्षेत्र में रणधीर शर्मा, राकेश जमवाल, त्रिलोक जमवाल और करसोग विधानसभा क्षेत्र में सुरेश भारद्वाज, बिहारी लाल शर्मा, बलबीर वर्मा, लोकेंद्र कुमार।