Kinnaur: रिकांगपिओ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भाजपा विरोधी प्रदर्शन, जयराम ठाकुर का पुतला जलाया

एआरबी टाइम्स ब्यूरो

रिकांगपिओ( किन्नौर)। जिला मंडी के थुनाग में राजस्व, बागवानी, जन शिकायत एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी पर हुए विरोध और गाड़ी पर काले झंडे फेंकने की घटना को लेकर जिला किन्नौर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष उमेश नेगी की अगुवाई में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रिकांगपिओ में विरोध रैली निकाली और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का पुतला दहन किया।

यह विरोध रैली रामलीला मैदान से शुरू होकर मुख्य बाजार से होते हुए पीएनबी तक पहुंची। इस प्रदर्शन में महिला कांग्रेस, सेवा दल, इंटक, यंग ब्रिगेड, तीनों ब्लॉकों के कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष उमेश नेगी ने कहा कि मंडी के थुनाग में जयराम ठाकुर के इशारे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री जगत सिंह नेगी का घेराव किया और उनकी गाड़ी पर काले कपड़े व चप्पल फेंके, जिससे वाहन पर लगे राष्ट्रीय ध्वज का भी अपमान हुआ। कांग्रेस इस घटना की कड़ी निंदा करती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब जयराम ठाकुर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने किन्नौर के साथ भेदभाव किया, जबकि वर्तमान कांग्रेस सरकार समान विकास के सिद्धांत पर काम कर रही है। उमेश नेगी ने चेतावनी दी कि यदि जयराम ठाकुर किन्नौर आए तो उन्हें चौरा से रिकांगपिओ तक भारी विरोध का सामना करना पड़ेगा।

कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से मांग की है कि राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया जाए और कड़ी सजा दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *