Rampur Bushahr: रामपुर पहुंचे राज्य युकां अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर, रामपुर में जल्द होगा कार्यकारिणी विस्तार

एआरबी टाइम्स ब्यूरो

रामपुर बुशहर। युवा कांग्रेस रामपुर की बैठक परिधि रामपुर में संपन्न हुई, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर उपस्थित रहे। उनके साथ प्रदेश सातवें वित्तायोग अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल, प्रदेश युकां उपाध्यक्ष अमला कश्यप और जिला अध्यक्ष कुनाल भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

रामपुर पहुंचने पर युवा कांग्रेस (युकां) और एनएसयूआई के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सभी नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्हें पार्टी की परंपरा अनुसार टोपी और मफलर पहनाकर सम्मानित किया गया।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे रामपुर विधानसभा युकां अध्यक्ष राहुल सोनी ने कहा कि रामपुर में युकां पार्टी के साथ मजबूती से खड़ी है और भविष्य में अधिक से अधिक युवाओं को कांग्रेस से जोड़ा जाएगा। बैठक में अन्य वक्ताओं ने भी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया और जल्द कार्यकारिणी के गठन की मांग की।

छतर सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में चुनाव जीतकर आए सभी पदाधिकारियों को बधाई दी और विधानसभा, ब्लॉक सिटी स्तर पर जल्द कार्यकारिणी के विस्तार का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि रामपुर में 24 जोन हैं और हर जोन से तीन-तीन युवाओं को जोड़ा जाएगा। साथ ही रामपुर, ननखड़ी ब्लॉक और सिटी जोन में संगठन को विस्तार दिया जाएगा।

ठाकुर ने सख्त लहजे में कहा कि जो कार्यकर्ता बैठक में उपस्थित नहीं हुए, उनसे जवाब तलब किया जाएगा और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे। साथ ही सभी 54 पंचायतों में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बैठक में उपस्थित स्थानीय विधायक का आभार व्यक्त किया।

बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:
युकां सचिव अंकुर शर्मा, इंटक अध्यक्ष जसवीर ठाकुर, रामपुर युकां अध्यक्ष निशांत शर्मा, ननखड़ी अध्यक्ष विवेक मेहता, सिटी जोन अध्यक्ष भार्गव अग्रवाल समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *