Rohdu: सेब पर नहीं, गप्पेबाजी में माहिर हैं चेतन बरागटा: कौशल मुंगटा

एआरबी टाइम्स ब्यूरो

रोहड़ू(शिमला)।  हाटकोटी जिला परिषद सदस्य एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रवक्ता कौशल मुंगटा ने भाजपा प्रवक्ता चेतन बरागटा के न्यूनतम आयात मूल्य (MIP) को लेकर दिए गए बयान पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि चेतन का MIP को ₹50 से ₹80 किए जाने का बयान सेब उत्पादकों को असली मुद्दे  सेब पर आयात शुल्क बढ़ाने  से भटकाने की साज़िश है।

कौशल ने कहा कि भाजपा ने 2014 के संकल्प पत्र में और स्वयं प्रधानमंत्री मोदी ने हिमाचल की हर रैली में वादा किया था कि सेब पर आयात शुल्क को 150% तक बढ़ाया जाएगा, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। यह वादा केवल एक “राजनीतिक जुमला” साबित हुआ।

उन्होंने कहा कि MIP में ₹30 की बढ़ोतरी से कोई बड़ी राहत नहीं मिलने वाली। “हमें चाहिए कि सेब पर आयात शुल्क 50% से बढ़ाकर 100% किया जाए। यह किसानों की असली मांग है।” उन्होंने कहा कि ईरान और तुर्की से सेब आयात 2023-24 में बढ़कर 5.1 लाख टन हो गया है, जो देश के बागवानों की आजीविका को सीधा नुकसान पहुँचा रहा है।

मुंगटा ने कहा कि केंद्र सरकार अगर खाद्य तेलों पर मूल सीमा शुल्क को सितंबर 2024 में कच्चे तेलों के लिए 5.5% से बढ़ाकर 27.5% और रिफाइंड तेलों के लिए 13.75% से 35.75% कर सकती है, तो फिर सेब पर ऐसा क्यों नहीं?

उन्होंने याद दिलाया कि 2016 में भारत ने स्टील उत्पादों पर भी MIP लगाया था, लेकिन WTO चुनौती के बाद 2017 में उसे हटाना पड़ा। इससे साफ है कि MIP कोई स्थायी समाधान नहीं, बल्कि असली मुद्दे से ध्यान हटाने का तरीका है।

मुंगटा ने चेतावनी दी कि भाजपा को और चेतन बरागटा को अपनी ओछी राजनीति छोड़नी चाहिए और बागवानों की असली मांगों पर ध्यान देना चाहिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *