एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
लगन, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण जब एक साथ मिलते हैं, तो सफलता अपने आप कदम चूमने लगती है। इसी बात को सच कर दिखाया है रामपुर उपमंडल की दुर्गम पंचायत दरकाली के युवा खिलाड़ी पुनीत मरालू ने। लंबे समय से वॉलीबॉल में अपना हुनर निखार रहे पुनीत का चयन नॉर्थ जोन वॉलीबॉल इंटर यूनिवर्सिटी कैंप के लिए हुआ है। यह कैंप 2 से 7 दिसंबर तक ऊना में आयोजित होगा।
पुनीत रामपुर कॉलेज से चयनित होने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं, जो इस प्रतिष्ठित कैंप में कॉलेज और क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके साथ प्रदेश के अन्य 13 युवाओं को भी इंटर यूनिवर्सिटी कैंप के लिए चुना गया है।
पुनीत अब तक कई वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं और उन्हें विश्वास है कि वह कैंप में अपना सर्वश्रेष्ठ देते हुए मुख्य सात खिलाड़ियों की टीम में जगह पक्की करेंगे।
उनके चयन की खबर से पूरे दरकाली क्षेत्र में खुशी का माहौल है। यह पहली बार है जब पंचायत का कोई युवा खेल के क्षेत्र में इतने बड़े स्तर तक पहुँचा है। पुनीत के पिता राजेश मरालू ने बताया कि क्षेत्र में खेल सुविधाओं की कमी के बावजूद पुनीत ने कभी हिम्मत नहीं हारी और लगातार अभ्यास जारी रखा। उन्होंने विश्वास जताया कि पुनीत आगे भी क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
वहीं पंचायत प्रधान गुलजारीलाल सानी, बीडीसी सदस्या वीना मरालू, उप प्रधान नींजूराम, मंदिर कमेटी के अध्यक्ष भादुर सिंह सहित ग्रामीणों ने पुनीत को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
