मोहाली (एआरबी टाइम्स)। मिस्टर एंड मिसेज 420, कैरी ऑन जट्टा, माहौल ठीक है जैसी पंजाबी फिल्मों में अपने दमदार अभिनय से दर्शकों से चेहरे पर मुस्कान लाने वाले पंजाब के प्रसिद्ध कॉमेडियन डॉ. जसविंदर भल्ला नहीं रहे। 65 वर्ष की आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली। सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले उन्हें ब्रेन स्ट्रोक आया था, जिसके बाद उन्हें मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी और आज सुबह करीब चार बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। परिवार के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार मोहाली में 23 अगस्त दोपहर 1 बजे किया जाएगा। इस दुखद खबर के बाद भल्ला के घर पर प्रशंसकों, रिश्तेदारों और फिल्म जगत से जुड़े लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि भल्ला की बेटी यूरोप से वापस लौट रही हैं और आज शाम तक मोहाली पहुंच जाएंगी। उनका बेटा पहले से ही घर पर मौजूद है।
शुरुआत और करियर
पंजाब के प्रसिद्ध कॉमेडियन डॉ. जसविंदर भल्ला का जन्म 4 मई 1960 को पंजाब के लुधियाना जिले के दोराहा में हुआ था। उन्होंने 1988 में “छणकाटा 88” से कॉमेडियन के रूप में करियर की शुरुआत की थी। उनकी कॉमिक टाइमिंग और संवादों की वजह से वह पंजाबी फिल्म और थिएटर जगत में एक लोकप्रिय नाम बन गए। बाद में उन्होंने “दुल्ला भट्टी” जैसी फिल्मों में अभिनय कर अपनी एक अलग पहचान बनाई।
शैक्षणिक और पेशेवर जीवन:
पंजाब के प्रसिद्ध कॉमेडियन डॉ. जसविंदर भल्ला सिर्फ कलाकार ही नहीं बल्कि शिक्षाविद भी रहे। वह पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (PAU) में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थे और विश्वविद्यालय के ब्रांड एंबेसडर भी बने। उन्होंने किसानों के लिए नई तकनीकों और कृषि संबंधी जानकारी को सरल तरीके से समझाने में अहम भूमिका निभाई। कृषक समुदाय के बीच उनका विशेष सम्मान था। भल्ला परिवार के साथ मोहाली में रहते थे। मार्च 2022 में उन्होंने मोहाली में नया घर खरीदा था।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, “जसविंदर भल्ला का जाना बेहद दुखद है। ‘चाचा चतरा’ हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे। वाहेगुरु उनकी आत्मा को शांति दे।” पंजाब कांग्रेस ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से श्रद्धांजलि दी और लिखा कि भल्ला पंजाबी फिल्म जगत के एक महान कलाकार थे, जिन्होंने अपनी कला से लोगों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरी।
