Shimla : किन्नू, माल्टा, संतरा और गलगल की खरीद 21 नवंबर से, सरकारी रेट तय

एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला। प्रदेश के किसान अब अपनी सिट्रस फसल (किन्नू, माल्टा, संतरा और गलगल) को 21 नवंबर 2025 से 15 फरवरी 2026 तक सरकारी दरों पर बेच सकेंगे। राज्य सरकार ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। उद्यान विभाग ने बताया कि किसानों को किन्नू, माल्टा और संतरा की बी और डी ग्रेड फसलों के लिए ₹12 प्रति किलो तथा गलगल के लिए ₹10 प्रति किलो का दाम तय किया गया है। इन फलों की खरीद हिमफेड और एचपीएमसी के माध्यम से मंडी मध्यस्थता योजना के तहत की जाएगी।

किसानों की सुविधा के लिए प्रदेश भर में 54 फल विक्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें कांगड़ा में 21, मंडी में 13, ऊना में 5, हमीरपुर में 5, बिलासपुर में 5, सिरमौर में 2, सोलन में 2 और कुल्लू में 1 केंद्र शामिल हैं। विभाग के अनुसार, ग्रेड बी फलों का आकार 51 मिमी तक होना चाहिए और उनमें किसी प्रकार का कट या कीड़ा नहीं होना चाहिए। वहीं ग्रेड सी फलों का आकार 40 से 50 मिमी के बीच होना चाहिए। गलगल के लिए अलग ग्रेड नहीं रखा गया है, लेकिन फल साफ-सुथरा होना जरूरी है। उद्यान विभाग के अनुसार वर्ष 2024 में प्रदेश में करीब 20,000 मीट्रिक टन सिट्रस फलों का उत्पादन हुआ था।

मुख्य विक्रय केंद्र:

  • कांगड़ा: बैजनाथ, भोग्रवां, डाडासीबा, ज्वालामुखी, शाहपुर आदि

  • मंडी: जोगिंद्रनगर, रिवालसर, सरकाघाट, सौली खड्ड आदि

  • ऊना: अंब, बंगाणा, गगरेट, सलोह, ऊना

  • हमीरपुर: नादौन, सुजानपुर, तरक्वाड़ी आदि

  • बिलासपुर: बरोहा, कलोल, स्वारघाट

  • सिरमौर: बगथान, धौलाकुआं

  • सोलन: नालागढ़, परवाणु

  • कुल्लू: लूहरी

Leave a Comment