एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन (एनजेएचपीएस) में राजीव कपूर, महाप्रबंधक (विद्युत), ने परियोजना प्रमुख के रूप में पदभार ग्रहण किया। जलविद्युत क्षेत्र में ढाई दशक से अधिक का अनुभव रखने वाले वे अब इस प्रमुख परियोजना को नए आयामों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस विशेष अवसर पर परियोजना से जुड़े सभी विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। राजीव कपूर ने मई 2000 में SJVN के इसी नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन से अपने करियर की शुरुआत की थी। शुरुआती चार वर्षों में उन्होंने अभियांत्रिकी एवं निर्माण विभाग में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद उन्होंने पीएचईएम, पीएंडसी, एमएमजी जैसे कई विभागों में अपने कौशल और नेतृत्व का परिचय दिया।
एनजेएचपीएस में उन्होंने पीएचईएम, एमआईएस एवं पीआईएस विभागों के विभागाध्यक्ष के रूप में प्रभावी नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया। उनके इसी उत्कृष्ट कार्यनिष्पादन के आधार पर अब उन्हें नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन के परियोजना प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके अनुभव, तकनीकी दक्षता और दूरदर्शी दृष्टिकोण से यह उम्मीद की जा रही है कि नाथपा झाकड़ी परियोजना को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जाएगा।
