एआरबी टाइम्स ब्यूरोे, रामपुर बुशहर
रामपुर में 17 से 24 नवम्बर तक अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन सेना भर्ती कार्यालय शिमला द्वारा किया गया। इस रैली में सेना भर्ती कार्यालय शिमला के अधिकारीयों के साथ मुख्यालय 136 इन्फेंट्री ब्रिगेड ग्रुप, 11 महार, मुख्यालय भर्ती क्षेत्र हरियाणा, हिमाचल प्रदेश एवं केंद्र शासित चंडीगढ़, सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर, चरखी दादरी, रोहतक, मंडी, हिसार और हमीरपुर के अधिकारियों एवं सभी रैंकों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
भर्ती निदेशक कर्नल मनीष सिंह ने बताया कि भर्ती वर्ष 2025–26 के लिए उम्मीदवारों का पंजीकरण 10 मार्च से 25 अप्रैल 2025 तक हुआ था। सामान्य प्रवेश परीक्षा 30 जून से 10 जुलाई 2025 के बीच विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की गई थी, जिसका परिणाम 26 जुलाई 2025 को घोषित किया गया था।
रामपुर में आयोजित इस अग्निवीर भर्ती रैली में शिमला, सोलन, सिरमौर और किन्नौर के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उम्मीदवारों ने 1.6 किलोमीटर दौड़, पुल-अप्स, 9 फीट लंबी छलांग, जिग-जैग, बैलेंस टेस्ट, शारीरिक माप, दस्तावेज़ीकरण व मेडिकल सहित सभी चरणों में भाग लिया।
उम्मीदवारों ने भर्ती रैली के दौरान मिली सुविधाओं और सेना के अधिकारियों, सरदारों और जवानों के अनुशासित व्यवहार की प्रशंसा की। भर्ती रैली के परिणाम उम्मीदवारों को उनकी पंजीकृत ईमेल आईडी पर भेजे जाएंगे।
