एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
अंतर्राष्ट्रीय लवी मेले के उपलक्ष में रामपुर बुशहर में बॉक्सिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साह और जोश के साथ किया गया। यह प्रतियोगिता बुशहर बॉक्सिंग क्लब द्वारा स्थानीय प्रशासन के सहयोग से की जा रही है, जिसका उद्देश्य स्थानीय युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान करना है। प्रतियोगिता का उद्घाटन गर्वनमेंट कॉन्ट्रैक्टर रणजीत कंवर ने किया और खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने का संदेश दिया।

इस प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें से दो टीमें हिमाचल प्रदेश से बाहर की हैं, जबकि शेष छह टीमें प्रदेश की विभिन्न बॉक्सिंग अकादमियों का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। मुकाबले जूनियर, सब जूनियर और सीनियर श्रेणियों में हो रहे हैं। महिला और पुरुष दोनों वर्गों के खिलाड़ी रिंग में अपनी कला, साहस और रणनीति का प्रदर्शन कर रहे हैं। हर bout के दौरान दर्शकों का उत्साह देखने लायक है, जिससे आयोजन स्थल जोश और तालियों की गूंज से भर जाता है।
बुशहर बॉक्सिंग क्लब के प्रधान तिलक राज शर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता की शुरुआत वर्ष 2021 में युवाओं को खेलों से जोड़ने और उन्हें नशे से दूर रखने के उद्देश्य से की गई थी। उनका कहना है कि बॉक्सिंग केवल शारीरिक क्षमता ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और मानसिक ताकत भी विकसित करती है।
