एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में सड़क हादसे में बोलेरो कैंपर चालक की मौत हो गई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह पुलिस चौकी ज्यूरी को सूचना मिली कि नेवल (काओबिल 15/20) क्षेत्र में एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
काओबिल से लौटते समय हुआ हादसा
मौके पर की गई प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि यह हादसा सोमवार देर रात करीब 11:50 बजे हुआ। बोलेरो कैंपर मालिक एवं चालक विनोद कुमार (38) निवासी गांव नानन, डाकघर ज्यूरी, तहसील रामपुर यात्रियों को छोड़ने के लिए ज्यूरी से काओबिल गए थे। यात्रियों को छोड़ने के बाद जब वह वापस ज्यूरी की ओर लौट रहे थे, तो रास्ते में नेवल के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया।
कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
अनियंत्रित होने के बाद बोलेरो कैंपर सड़क से करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि चालक विनोद कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं, घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के सही कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल पाएगा।
ये भी पढ़ें
Una : स्कूल बस की चपेट में आईं सगी बहनें, तीन साल की मासूम की मौत
