एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
शिमला पुलिस ने थाना झाकड़ी के क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले को गंभीरता से लिया। जिसमें भाई ने शराब के नशे में पुरानी रंजिश के चलते अपने की भाई की हत्या कर दी।
सोमवार को थाना झाकड़ी में सूचना प्राप्त हुई कि सराहन बुशहर की राई खड्ड स्थित शमशान घाट के पास एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने 35 वर्षीय अनिल कुमार उर्फ काकू (गांव सराहन, तहसील रामपुर) को मृत अवस्था में पाया।
प्रारंभिक निरीक्षण में मृतक के शरीर, मुंह और अन्य स्थानों पर चोटों के निशान पाए गए, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। इसके आधार पर थाना झाकड़ी में अभियोग संख्या 24/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया।घटनास्थल का निरीक्षण SFSL विशेषज्ञ टीम की उपस्थिति में किया गया। मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए गए, और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए CH सराहन भेजा गया।
जांच में मृतक के छोटे भाई विक्रम (34 वर्ष) पर संदेह हुआ। प्रारंभिक पूछताछ और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने जुर्म कबूल किया कि उसने शराब के नशे में बैठकर पुरानी रंजिश के चलते अपने भाई की हत्या की। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

1 Comment
Pingback: Kangra Crime News : कुटाहण में पति ने पत्नी की बेरहमी से हत्या की, गिरफ्तार, जानिए पूरी खौफनाक घटना