एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने बताया कि 412 मेगावाट क्षमता वाले रामपुर जलविद्युत स्टेशन ने 5 फरवरी को वित्तीय वर्ष में अब तक का सबसे तेज 2000 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन दर्ज किया। यह उपलब्धि पिछले रिकॉर्ड (14 फरवरी 2020) से नौ दिन पहले हासिल की गई है, जो स्टेशन के 11 वर्षों के संचालन में उच्चतम प्रदर्शन है।
एसजेवीएन प्रबंधन ने कर्मचारियों और इस उपलब्धि में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से शामिल सभी लोगों को बधाई दी। उन्होंने भारत सरकार, हिमाचल प्रदेश सरकार, विद्युत मंत्रालय, केन्द्रीय विद्युत प्राधिकरण और शिमला एवं कुल्लू जिला प्रशासन के सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।
अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक ने परियोजना प्रमुख विकास मारवाह के नेतृत्व में टीम की अनुशासनबद्ध और सुदृढ़ कार्यशैली की सराहना की। निदेशक कार्मिक अजय कुमार शर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय सामूहिक प्रयास, प्रभावी मानव संसाधन प्रथाओं और अंतर-विभागीय सामंजस्य को दिया। निदेशक वित्त सिपन कुमार गर्ग ने बताया कि यह रिकॉर्ड प्रदर्शन वित्तीय प्रबंधन और संचालन उत्कृष्टता के बेहतर तालमेल को दर्शाता है।
कमीशनिंग के पश्चात, रामपुर जलविद्युत स्टेशन ने लगातार उत्पादन निष्पादन में नए बेंचमार्क स्थापित किए हैं, जो इसकी इंजीनियरिंग डिज़ाइन, उच्च अनुरक्षण प्रणाली और स्थायी संचालन क्षमता को दर्शाता है। यह उपलब्धि एसजेवीएन की प्रचालनगत उत्कृष्टता और देश के लिए स्थायी ऊर्जा उत्पादन की प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।
