एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर पुलिस द्वारा नशा मुक्त क्षेत्र की दिशा में एक और सख्त कदम उठाते हुए 17 सितंबर को दो व्यक्तियों को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस निरीक्षक आशीष कौशल, प्रभारी थाना रामपुर के नेतृत्व में गठित टीम ने पाटबंगला में चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान हितेश ठाकुर पुत्र प्रताप सिंह ठाकुर, निवासी गांव धार गौरा, उम्र 30 वर्ष और कैलाश पुत्र स्व. तेलू राम, निवासी गांव कोटी, धार गौरा, उम्र 40 वर्ष से क्रमशः 17.33 ग्राम व 22.75 ग्राम, कुल 40.08 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।
दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मुकदमा थाना रामपुर में दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगामी जांच प्रक्रिया जारी है। इससे पहले 22 अगस्त को भैरा खड्ड क्षेत्र में भी तीन व्यक्तियों से 17.150 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था, जिसमें अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
उपमण्डल पुलिस अधिकारी नरेश शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि अन्य संलिप्त आरोपियों की जांच भी तेजी से की जा रही है। उन्होंने कहा, “रामपुर पुलिस का नशा के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। जो भी व्यक्ति नशे की तस्करी या सेवन में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।”