एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर उपमंडल के तहत चिकसा-बाहलीधार सड़क पर शुक्रवार देर शाम एक बोलेरो कैंपर करीब 200 से 250 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद वाहन में आग लग गई, जिससे दुर्घटना और भयावह हो गई। इस सड़क हादसे में चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, वाहन में चालक सहित कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गई। गिरते ही वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई। दुर्घटना में चालक कपिल देव (41) निवासी गांव चिकसा, डाकघर देवठी, रामपुर, पुष्पा देवी (67 वर्ष) निवासी गांव मझाली और उर्मिला देवी (40 वर्ष) निवासी गांव मझाली की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, हादसे में राकेश कुमार (39 वर्ष) और लीला देवी (41 वर्ष) घायल हो गए। घायल महिला को तुरंत उपचार के लिए रामपुर के खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
स्थानीय ग्रामीणों ने राहत और बचाव कार्य में अहम भूमिका निभाई। उनकी मदद से तीनों शवों को गहरी खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद एंबुलेंस और सरकारी वाहन के माध्यम से शवों को पोस्टमार्टम के लिए खनेरी अस्पताल रामपुर भेजा गया।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। इस दर्दनाक सड़क हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
