एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
पुलिस थाना रामपुर के अंतर्गत 17 मार्च की रात भद्राश के पास मछाड़ा खड्ड में एक ट्रक गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें चालक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर ट्रक (HP64A-9760) सड़क से करीब 30 से 35 फीट नीचे गहरी खाई में क्षतिग्रस्त हालत में मिला। स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकालकर तुरंत खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक ने दत्तनगर क्षेत्र में खड़ी कुछ गाड़ियों को टक्कर मारकर नुकसान पहुंचाया था। हादसे का मुख्य कारण चालक की लापरवाही बताया जा रहा है। मृतक चालक की पहचान आयुष, निवासी शिलगांव, शोघी (शिमला) के रूप में हुई है। उसे गंभीर हालत में खनेरी से आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में उसकी तबीयत बिगड़ गई। ठियोग अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
