एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर के अंतर्गत आने वाले शिक्षा खंड रामपुर, सराहन और ननखड़ी में आज से आरंभ होने वाली अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिताओं को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इन प्रतियोगिताओं का आयोजन रामपुर के ज्यूरी, तकलेच और ननखड़ी में किया जाना था। जिसमें क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से सैकड़ों छात्र-छात्राओं को भाग लेना था।
बीते कुछ दिनों से क्षेत्र में लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। अनेक सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं और कई मार्गों पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते प्रशासन और शिक्षा विभाग ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए प्रतियोगिताओं को आगामी आदेश तक स्थगित करने का निर्णय लिया है।
यह सुनिश्चित किया गया है कि जब तक मौसम की स्थिति अनुकूल नहीं हो जाती और सभी मार्ग पूर्ण रूप से सुचारू नहीं हो जाते, तब तक इन प्रतियोगिताओं का आयोजन नहीं किया जाएगा। बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों की सुरक्षा व सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय अत्यंत आवश्यक है।
इस बात की पुष्टि करते हुए एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रशासन ने सभी शिक्षा खंडों के प्रमुखों से इस सूचना को संबंधित विद्यालयों तक शीघ्र पहुंचाने और आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निदेश जारी कर दिए हैं।
