एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
पदम् वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल रामपुर के अंडर-14 छात्र वर्ग में हमीरपुर जिला के नादौन में आयोजित राज्यस्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर इतिहास रचा है। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के विभिन्न स्कूलों ने भाग लिया था, जिनमें रामपुर बॉयज स्कूल की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सबको पीछे छोड़ दिया।
आज विजयी होकर स्कूल लौटने पर छात्रों का शिक्षकों व एसएमसी सदस्यों द्वारा उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। स्कूल के प्रधानाचार्य राजेश परमार ने बताया कि यह पहली बार है जब स्कूल के छात्रों ने राज्यस्तर पर लोक नृत्य प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त कर स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने छात्रों को हार पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की मेहनत, मार्गदर्शक शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। छात्रों के साथ पीईटी संत राम, अनिता ठाकुर व अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे। वहीं संतोष शर्मा, तिलक शर्मा, दिव्या दत्त शर्मा, खेम चौहान, जगदेव शर्मा, शीतल, भागा कुमारी और एसएमसी अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने भी छात्रों को बधाई दी है।
