शिमला (एआरबी टाइम्स)। विश्व रेडक्रॉस दिवस पर बच्चों और रेडक्रॉस स्वयंसेवकों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट की। स्वयंसेवकों ने मुख्यमंत्री को रेडक्रॉस के प्रतीकात्मक स्टिकर भेंट किए। मुख्यमंत्री ने रेडक्रॉस कोष में व्यक्तिगत रूप से आर्थिक अंशदान किया और प्रदेशवासियों से भी इस मानवीय प्रयास में उदारतापूर्वक योगदान देने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने रेडक्रॉस की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि रेडक्रॉस स्वयंसेवक बिना किसी स्वार्थ के समाज की सेवा में समर्पित रहते हैं। उन्होंने कहा कि आपदा की घड़ी में जब हर कोई असमंजस में होता है, ऐसे समय में रेडक्रॉस के स्वयंसेवक राहत कार्यों में अग्रिम पंक्ति में खड़े होते हैं। ये स्वयंसेवक न केवल राहत सामग्री वितरित करते हैं, बल्कि संकट की घड़ी में लोगों को आशा और सहारा भी प्रदान करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेडक्रॉस दिवस हमें यह याद दिलाता है कि सेवा, समर्पण और करुणा का कोई विकल्प नहीं होता। यह दिन रेडक्रॉस आंदोलन से जुड़े प्रत्येक स्वयंसेवक को सम्मानित करने और उनकी निस्वार्थ सेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। इस अवसर पर उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, नगर निगम शिमला के पार्षद और हिमाचल प्रदेश रेडक्रॉस समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे।