शिमला। देश के 76वें गणतंत्र दिवस पर ऐतिहासिक रिज मैदान में राज्य स्तरीय समारोह हुआ। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने इस मौके पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। समारोह में सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, हिमाचल प्रदेश सशस्त्र पुलिस, पंजाब पुलिस, राज्य पुलिस, होमगार्ड, अग्निशमन सेवाएं, हिमाचल प्रदेश डाक सेवाएं, आपदा प्रबंधन, पूर्व सैनिक, राष्ट्रीय कैडेट कोर, राष्ट्रीय सेवा योजना कैडेट और भारत स्काउट्स एवं गाइड आदि की टुकड़ियों ने मार्च पास्ट किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी मौजूद रहे।
समारोह में विभिन्न विभागों की ओर से विकासात्मक गतिविधियों को प्रदर्शित करती झांकियां पेश की। वहीं, किन्नौर, हमीरपुर, शिमला और मंडी के सांस्कृतिक दलों के अलावा उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र राजस्थान-पटियाला और उत्तराखंड के कलाकारों ने भी शानदार प्रस्तुति दी। समारोह में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक हरीश जनारथा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, पुलिस महानिदेशक डॉ. अतुल वर्मा, प्रधान सचिव देवेश कुमार, महापौर सुरेन्द्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल आदि मौजूद रहे।
![]() |
राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में प्रस्तुति के बाद गेयटी थियेटर के पास पुलिस सहायता कक्ष के बाहर कार्यक्रम प्रस्तुति करते मंडी जिले के कलाकार । |