Kullu : बाढ़ से भारी नुकसान के बाद जगातखाना पहुंचे मंत्री नेगी, राहत का भरोसा

रामपुर बुशहर। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास व जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने रविवार को रामपुर बुशहर से सटे कुल्लू जिले के जगातखाना क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने वहां बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया। बीते दिन क्षेत्र के दो नालों में अचानक पानी का स्तर बढ़ने से बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हुई, जिससे लोगों को भारी नुकसान हुआ। नेगी ने बताया कि प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस प्राकृतिक आपदा से करीब 60 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

कुल्लू के जगातखाना में बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेते राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी।

इस दौरान 09 वाहन पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि 13 अन्य वाहनों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। इसके अतिरिक्त 09 मकान और 05 दुकानों में रखा सामान भी प्रभावित हुआ है। राजस्व मंत्री ने बताया कि प्रशासन ने सड़क को यातायात के लिए बहाल कर दिया है और मलबा में फंसे वाहनों को निकालने के लिए मशीनरी लगाई जा रही है। उन्होंने उप-मंडलाधिकारी को निर्देश दिए कि बीमा एजेंसियों को तुरंत मौके पर बुलाकर प्रभावित वाहनों की जांच कर क्षतिपूर्ति की प्रक्रिया प्रारंभ करें।

क्षेत्र के लोगों ने मंत्री से मिलकर उन्हें अपने नुकसान की जानकारी दी और सरकार से राहत सहायता की मांग की। नेगी ने लोगों को आश्वस्त किया कि मकानों को हुए नुकसान की भरपाई राज्य सरकार की ओर से की जाएगी और बीमा कंपनियों को गाड़ियों की क्षति का सही आकलन कर सहायता उपलब्ध करवाने को कहा गया है। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नदी-नालों में कचरा न फेंके, जिससे जल प्रवाह बाधित होता है और भारी वर्षा के दौरान बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है। मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता ही ऐसी आपदाओं से बचाव का स्थायी उपाय है। इस दौरान उप-मण्डलाधिकारी निरमण्ड मनमोहन सिंह, उप-मण्डल पुलिस अधिकारी आनी चन्द्र शेखर, नायब तहसीलदार रामपुर सुरेश नेगी, प्रताप नेगी आदि मौजूद रहे।